राजभाषा हिंदी मे कार्य करके राष्ट्रीय भावना का विकास किया जा सकता है:शेषनाथ पुष्कर

प्रयागराज।प्रयागराज मंडल पर मनाए जाने वाले राजभाषा पखवाड़ा का शुभारंभ समारोह मंगलवार को मोहित चंद्रा, मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता मे संपन्न हुआ। समारोह मे मंडल रेल प्रबंधक महोदय के अतिरिक्त अतुल गुप्ता/अपर मंडल रेल प्रबंधक(इन्फ्रा),अमित मिश्रा/अपर मंडल रेल प्रबंधक(परि.) और अजित सिंह/अपर मंडल रेल प्रबंधक(सामान्य) एवं मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित थे।मंडल रेल प्रबंधक ने गृह मंत्रालय (राजभाषा विभाग) की राजभाषा प्रतिज्ञा को पढ़ा और अधिकारियों से हिंदी मे ज्यादा से ज्यादा काम करने के लिए अनुरोध किया।समारोह का संचालन शेषनाथ पुष्कर/राजभाषा अधिकारी, प्रयागराज ने किया और अपने संबोधन मे हिंदी दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को स्पष्ट करने के लिए संविधान सभा पर प्रकाश डाला। उन्होने अपने संबोधन मे कहा कि हिंदी को राजभाषा के रूप मे स्वीकार करने की पृष्ठभूमि में सबसे महत्वपूर्ण कारण एक राजभाषा के माध्यम से देश के लोगों मे एकता की भावना का विकास कर लोकतन्त्र को स्थापित एवं मजबूत करना था।उन्होने आगे कहा कि स्वतन्त्रता संग्राम के दौरान लोगों मे जो राष्ट्रीय भावना का विकास हुआ था वह धीरे-धीरे अब ख़त्म हो रहा है। राजभाषा हिंदी मे कार्य करके राष्ट्रीय भावना का विकास किया जा सकता है।समारोह मे सभी अधिकारियों ने खुशी एवं उत्साह के साथ भाग लिया और समारोह के दौरान अधिकारियों ने कविता पाठ भी किया। कविता पाठ करने वाले अधिकारियों मे सौरभ श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार, समन्वय, श्री विपिन कुमार सिंह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक–घ्घ् एवं राजेश शर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, आदि प्रमुख अधिकारी थे।