गृहमंत्री शाह ने लखनऊ के पिपरसंड में यूपी इंस्टीट्यूट आफ फारेंसिक साइंसेज का किया भूमि पूजन

लखनऊ । गृहमंत्री अमित शाह रविवार सुबह विशेष विमान से लखनऊ पहुंचे और पिपरसंड स्थित उत्तर प्रदेश इंस्टीट्यूट आफ फॉरेंसिक साइंसेज का भूमि पूजन किया। इस संस्थान को गुजरात के गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी से संबद्ध किया गया है। इस इंस्टीट्यूट में भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, बिहेवियरल साइंस, अपराध शास्त्र, विधि, पुलिस विज्ञान व पुलिस प्रशासन विषयों पर विभिन्न कोर्स होंगे। बीएससी, एमएससी फोरेंसिक साइंस, एमफिल, पीएचडी, पोस्ट डाक्टोरल रिसर्च, पीजी डिप्लोमा इन फोरेंसिक साइंस, एडवांस स्पेशलाइज्ड एंड टेलरमेड पीजी डिप्लोमा व अन्य पीजी सर्टिफिकेट के कोर्स प्रस्तावित हैं। इनमें प्रतिवर्ष करीब 500 छात्र शिक्षा ग्रहण करेंगे। होंगे। इंस्टीट्यूट में कुल आठ अनुभाग व 14 प्रयोगशालाएं होंगी। इनमें भौतिक अनुभाग में आग्नेयास्त्र, फोरेंसिक ध्वनिकी व प्रलेख प्रयोगशालाएं होंगी। रसायन अनुभाग में विस्फोटक व विष विज्ञान प्रयोगशालाएं होंगी।जीव विज्ञान अनुभाग में जीव विज्ञान, सीरम विज्ञान व डीएनए प्रयोगशालाएं होंगी। कंप्यूटर साइंस अनुभाग में डेटा एनालिसिस, साइबर सुरक्षा व साइबर फोरेंसिक लैब होंगी। व्यवहार विभाग अनुभाग में लाई डिटेक्शन, नार्को एनालिसिस व ब्रेन मैपिंग प्रयोगशालाएं होंगी। इसके अलावा अपराध विज्ञान, कानून-व्यवस्था, पुलिस विज्ञान व प्रशासन अनुभाग होंगे। इंस्टीट्यूट 50 एकड़ भूमि में बनेगा। इंस्टीट्यूट में निदेशक, अपर निदेशक, उपनिदेशक, प्रशासनिक अधिकारी, वित्त नियंत्रक व विभिन्न संकायों में प्रोफेसर समेत कुल 351 पद प्रस्तावित हैं। इंस्टीट्यूट के बगल में करीब 50 एकड़ भूमि पर डीएनए सेंटर फार एक्सीलेंस का निर्माण प्रस्तावित है। सेंटर राष्ट्रीय फोरेंसिक विश्वविद्यालय, गुजरात से संबद्ध होगा। इंस्टीट्यूट में फोरेंसिक साइंस के वैज्ञानिकों, पुलिस अधिकारियों व न्यायिक अधिकारियों का प्रशिक्षण भी कराया जाएगा।