कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम ढहा: 2 की मौत, मलबे में 40 से 50 मजदूर दबे

रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना के जवान जुटे

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातल्ला इलाके में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर आज दोपहर एक निर्माणाधीन गोदाम का भारी-भरकम शेड ढहने से 2 मजदूरों की मौत होने व मलबे में 40 से 50 मजदूरों के दबे होने की आशंका है। खबर लिखे जाने तक 13 मजदूरों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा जा चुका था। मौके पर पुलिस, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीम व दमकल विभाग के लोग रेस्क्यू में जुटे हुए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बचाव कार्य के लिए सेना के जवानों को भी बुलाया गया, जवानों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन संभाल लिया है। निर्माणाधीन गोदाम का शेड ताश के पत्तों की तरह भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त वहां करीब 60 मजदूर काम कर रहे थे, जो पलक झपकते ही मलबे के विशाल ढेर के नीचे फंस गए। लोहे के भारी-भरकम बीम को काटने के लिए गैस कटर और मलबे को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। मलबे के नीचे से दबे हुए मजदूरों की दर्दनाक चीखें सुनाई दे रही हैं। राज्य सरकार ने स्थिति पर नजर रखने के लिए नवान्न में कंट्रोल रूम भी खोल दिया है। मौके पर पहुंचे मंत्री इंद्रनील खां और भाजपा नेता राकेश सिंह ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता जिंदगियां बचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.