महिंद्रा ने बोलेरो की नई रेंज की लॉन्चिंग की

लखनऊ।महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में अपनी लोकप्रिय एसयूवी ‘बोलेरो’ की नई रेंज लॉन्च की। नई बोलेरो की शुरुआती कीमत ७.९९ लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जबकि टॉप-एंड वेरिएंट ‘महिंद्रा बी८’ की कीमत ९.६९ लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है।इसी के साथ कंपनी ने नई बोलेरो नियो भी पेश की है, जिसकी शुरुआती कीमत ८.४९ लाख रुपये और टॉप वेरिएंट एन११ की कीमत ९.९९ लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।
महिंद्रा के वाइस प्रेसिडेंट (मार्केटिंग, ऑटोमोटिव डिवीजन) महेश कुलकर्णी ने लॉन्चिंग के दौरान कहा कि बोलेरो ने अपने २५ साल के सफर में १६ लाख से अधिक ग्राहकों का विश्वास जीता है। उन्होंने बताया कि अब बोलेरो को और अधिक आकर्षक डिजाइन, आरामदायक इंटीरियर और आधुनिक फीचर्स के साथ बाजार में उतारा गया है।कुलकर्णी ने कहा कि बोलेरो की नई रेंज शहरी सड़कों से लेकर ग्रामीण इलाकों की ऊबड़-खाबड़ राहों तक बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। बोलेरो की मजबूती, अनुकूलन क्षमता और भरोसेमंद प्रदर्शन इसे भारत की सबसे लोकप्रिय एसयूवी बनाते हैं। उन्होंने कहा कि बोलेरो ने समय की कसौटी पर खुद को साबित किया है, और नई बोलेरो रेंज को तेज़ी से बदलते नए भारत की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें मजबूती, आधुनिक स्टाइल, ज्यादा आराम और एडवांस फीचर्स का शानदार संयोजन है।
नई बोलेरो में बोल्ड ग्रिल, फॉग लैंप, डायमंड-कट अलॉय व्हील्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे स्टाइलिश और दमदार बनाते हैं। अंदर की ओर १७.८ सेमी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल्स और लेदरेट अपहोल्स्ट्री के साथ बेहतर सीट आराम दिया गया है।वाहन में कंपनी की नई राइडफ्लो तकनीक के तहत बेहतर सस्पेंशन आर्किटेक्चर शामिल किया गया है, जो किसी भी इलाके में स्थिरता और नियंत्रण बनाए रखता है। बोलेरो में एमहॉक७५ इंजन लगाया गया है, जो ५५.९ केडब्ल्यू की शक्ति और २१० एनएम टॉर्क प्रदान करता है।नई बोलेरो अब स्टेल्थ ब्लैक सहित मौजूदा डायमंड व्हाइट, डी-सैट सिल्वर और रॉकी बेज रंगों में उपलब्ध होगी।