लंदन। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को अपनी टीम के सबसे बेहत गेंदबाजों में से एक माने जाते हैं। इंग्लैंड को जब भी विकेट की जरुरत होती है ब्रॉड उसपर खरे उतरते हैं। एशेज सीरीज में भी उन्होंने अभी तक तीन टेस्ट में 16 विकेट लिए हैं। इसके बाद भी हैरानी की बात है कि ब्रॉड अपनी ही पत्नी मॉली के पसंदीदा क्रिकेटर नहीं बन पाये हैं। ब्रॉड ने कहा, तीसरे टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद क्रिस वोक्स मेरी पत्नी मॉली के पसंदीदा क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने कहा, ‘वोक्स एक अनूठे क्रिकेटर हैं। इसी कारण वह मेरी पत्नी मॉली के पसंदीदा क्रिकेटर हैं। मॉली ने स्वयं मुझे ये बात कही। उसने कहा कि आप मेरे पसंदीदा क्रिकेटरों में दूसरे स्थान पर हैं। ’ ब्रॉड ने इसके साथ ही मॉर्क वुड के प्रदर्शन की भी तारीफ की। वुड ने इस मैच में अपनी गेंदों की तेजी से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खासा परेशान करते हुए सात विकेट लिए थे। ब्रॉड ने कहा, वुड के रहते इंग्लैंड, एक बेहतर टीम है. न केवल उनकी गेंदों की अतिरिक्त गति को देखना रोमांचकारी है बल्कि वे टीम में ऊर्जा का भी संचार करते हैं। अब एशेज सीरीज में मेजबान इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया 19 जुलाई से मेनचेस्टर में आमने-सामने रहेंगी।