विभागीय सेवा नियमावली बनाने को गरजे सफाई कर्मी

सिद्धार्थनगर।सरकारी कर्मचारियों की तरह सफाई कर्मचारियों की भी सेवा नियमावली होनी चाहिए जिससे उनको भी सभी प्रकार का लाभ मिल सके। सरकार को इस दिशा में जरूरी कदम उठाने की जरूरत है। पुरानी पेंशन बहाल कर कर्मचारियों की मांग को पूरी करनी चाहिए। ये बातें सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के धरना में जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार ने कहीं।उन्होंने कहा कि विभागीय सेवा नियमावली न होने से कर्मचारियों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। सफाई कर्मचारियों को 18 सौ के पेग्रेड के स्थान पर 19 सौ का पे ग्रेड दिया जाए। सफाई कर्मचारियों को पदोन्नति नहीं मिलती है उसे किया जाए। कार्यरत सफाई कर्मियों का पद नाम पंचायत सेवक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को प्रधानों के नियंत्रण से मुक्त किया जाए जिससे अच्छे तरीके से काम हो सके। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग लंबे समय से चल रही है उसे सरकार को मान लेनी चाहिए क्योंकि कर्मचारियों के बुढापे का यही सहारा होता है। इस दौरान विजय कुमार करपाठक, बिंद्रावती, उमेश त्रिपाठी, रीता भारती, शिव कुमार सिंह, राजकुमार आदि मौजूद रहे। धरना के बाद अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।