अभियोगों के निस्तारण व अभियुक्तों की गिरफ्तारी में जनपदीय पुलिस प्रदेश में अव्वल

ज्ञानपुर, भदोही। पुलिस अधीक्षक भदोही डॉ0 अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में जघन्य अपराधों से सम्बन्धित विवेचको का मार्गदर्शन करने का परिणाम प्रदर्शित होने लगा है। जघन्य अपराधों के निस्तारण व गिरफ्तारी की मा0 मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से की जा रही मानीटरिंग के अनुसार व तकनीकी सेवाएं मुख्यालय द्वारा जारी आकड़ों के क्रम में जघन्य अपराधों की प्रतिशत गिरफ्तारी में जनपद भदोही द्वारा कुल-98.19% अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गयी है। जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक है, जिसके आधार पर जघन्य अपराधों की गिरफ्तारी में जनपद भदोही को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जघन्य अपराधों की प्रतिशत गिरफ्तारी के मामले में जनपद भदोही विगत 05 महीने से प्रदेश में प्रथम स्थान पर काबिज है। जघन्य अपराधों की विवेचना के निस्तारण में जनपद भदोही का लम्बित प्रकरण पूरे प्रदेश में महज 0.81 प्रतिशत रहा है जो सूबे मे सबसे कम है। जिसके आधार पर निस्तारण में उसे प्रदेश मे प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है उक्त श्रेणी में जनपद भदोही विगत माह में प्रदेश में दूसरे स्थान पर था।  उक्त कार्यवाही हेतु डॉ0 अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक भदोही द्वारा समस्त विवेचकों के साथ-साथ थानों पर सीसीटीएनएस कार्य में नियुक्त कर्मियो को पूर्णमनोयोग से कार्य करने हेतु बधाई दी गई। पुलिस अधीक्षक,भदोही द्वारा जनपदीय क्वार्डिनेटर सीसीटीएनएस अमित पाण्डेय को सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित हो रही सभी कार्यवाही में निरन्तर सुधार करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश के साथ-साथ सभी कम्प्यूटर आपरेटरों व विवेचकों को समय-समय पर प्रशिक्षित करने हेतु निर्देशित किया गया है।