मुम्बई । महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली हार के बाद कहा कि मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को अभी खेल से ब्रेक लेकर आराम करना चाहिये। गावस्कर के अनुसार रोहित को अब जून में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के लिए तरोताजा होकर तैयारियां करनी चाहिये। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताबी मुकाबला लंदन के द ओवल में 7 जून से खेला जाएगा। वहीं आईपीएल 28 मई को समाप्त होगा। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों के पास डब्ल्यूटीसी फाइनल की तैयारी करने का ज्यादा समय नहीं बचेगा।गावस्कर ने गुजरात के खिलाफ मैच के बाद कहा कि अब रोहित को कुछ आराम करना चाहिए जिससे वह तरोताजा होकर डब्ल्यूटीसी फाइनल में उतर सकें। साथ ही कहा कि ब्रेक के बाद वह आईपीएल के अंतिम मैचों में भी खेल सकते हैं पर इस दौरान वह अपनी फिटने का ध्यान रखें। अभी उनके दिमाग में डब्ल्यूटीसी फाइनल भी चल रहा होगा। ऐसे में मेरा मानना है कि उन्हें कुछ समय आराम की जरुरत है। वहीं गावस्कर ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों को जमकर फटकारा और कहा कि वे एक ही गलती दोहरा रहे हैं, उन्हें टीम से बाहर कर देना चाहिए क्योंकि अभी इन्हें अधिक मेहनत की जरुरत है। ये लोग आराम के बाद अपना प्रदर्शन सुधारकर ही वापसी करें। गावस्कर ने कहा, अब कोई चमत्कार ही मुंबई इंडियंस को इस सत्र के प्लेऑफ में पहुंचा सकता है। उन्हें अंतिम- चार में पहुंचने के लिए आसाधारण प्रदर्शन करना होगा।।