मुकेश अंबानी ने अपने कर्मचारी को तोहफे में दिया 1500 करोड़ का आलीशान घर

मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन और एशिया के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी ने अपने कर्मचारी को तोहफे में 1500 करोड़ का आलीशान घर ‎‎दिया है, ‎जिसकी खूब चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं ‎कि मुकेश अंबानी सिर्फ बड़ा बैंक बैलेंस ही नहीं रखते, बल्कि उनका दिल भी बड़ा है। जानकारी के अनुसार अपने कर्मचारियों की मदद के लिए हमेशा खड़े रहने वाले मुकेश अंबानी ने हाल ही में अपने एक पुराने इम्पलाई के लिए 1,500 करोड़ रुपए का मकान खरीदा है। सालों से रिलायंस के लिए काम कर रहे मनोज मोदी को मुकेश अंबानी ने 22 मंजिला इमारत तोहफे में दी है। इस प्रॉपर्टी का नाम वृंदावन रखा है। अंबानी के राइट हैंड कहलाने वाले मनोज मोदी शुरुआत से लेकर अब तक कंपनी के साथ हैं। वह ना केवल रिलायंस के कर्मचारी है बल्कि मुकेश अंबानी के दोस्त भी हैं। अंबानी परिवार ने मनोज मोदी के लिए मुंबई के नेपियन सी रोड में 22 मंजिला इमारत खरीदी है। इस प्रॉपर्टी का नाम वृंदावन रखा है। नेपियन सी रोड मुंबई का पॉश इलाका है। यहां प्रॉपर्टी के रेट्स 45,100 रुपए से लेकर 70,600 रुपए प्रति वर्ग फुट तक है। इस इमारत की कीमत 1,500 करोड़ रुपए बताई जा रही है। 1.7 लाख वर्ग फुट एरिया में ये बिल्डिंग बनी है।जानकारी के अनुसार मनोज मोदी मुकेश अंबानी के कॉलेज फ्रेंड भी हैं, दोनों क्लासमेट रहे हैं। दोनों ने एक साथ यूनिवर्सिटी डिपार्टमेंट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी से पढ़ाई की है। पढ़ाई के बाद जब मुकेश अंबानी ने रिलायंस में काम करना शुरू किया, उन्होंने मनोज को भी अपने साथ बुला लिया। साल 1980 से ही मनोज मोदी रिलायंस इंडस्ट्रीज में साथ जुड़े हैं। सालों से वह बिना थके कंपनी के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम कर रहे हैं। ना केवल कारोबार में बल्कि अंबानी परिवार में भी उनकी काफी इज्जत है। खुद मुकेश अंबानी उनकी कही बातों को गौर से सुनते हैं। अंबानी परिवार के बच्चों के लिए वो मेंटर के तौर पर काम करते हैं। कहा तो ये भी जाता है कि रिलायंस की सफलता के पीछे उनका दिमाग है।रिलायंस में उन्हें एमएम कहकर बुलाया जाता है। उनके काम का सम्मान करते हुए अब अंबानी परिवार ने उन्हें बेशकीमती तोहफा दिया है। मनोज मोदी रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल के डायरेक्टर के पद पर हैं। वो लाइमलाइट से दूर रहते हैं। वो किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में मौजूद नहीं है। पर कंपनी में उनकी खूब चलती है। वह हजीरा पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, जामनगर रिफाइनरी, पहला टेलीकॉम बिजनेस, रिलायंस रिटेल और 4जी रोलआउट जैसे तमाम प्रोजेक्ट से जुड़े रहे हैं। उनके पास कंपनी से सीईओ जितना पावर है।