निकाय चुनाव: तीसरे दिन भी अध्यक्ष पद पर नहीं हुए नामांकन

निकाय चुनाव: तीसरे दिन भी अध्यक्ष पद पर नहीं हुए नामांकन

फतेहपुर। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन के तहत चल रही नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन भी किसी भी नगर पालिका व नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर नामांकन नहीं हुआ। इसके अलावा सदर नगर पालिका में बारह सभासद प्रत्याशियों समेत अन्य नगर पालिका व नगर पंचायतों को मिलाकर कुल चैबीस सभासदों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। सभासद प्रत्याशियों के अंदर नामांकन करने को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। पूर्व सभासद संजय कुमार श्रीवास्तव उर्फ संजय लाला ने चंदियाना वार्ड नंबर 31 से सभासद पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। पीरनपुर वार्ड नंबर 26 से पूर्व सभासद अमित शिवहरे की पत्नी सुनीता शिवहरे ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। अमरजई वार्ड नंबर 24 से पूर्व सभासद मनोज श्रीवास्तव की पत्नी सुनीता श्रीवास्तव ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वार्ड नंबर 20 सैयदवाड़ा से पूर्व सभासद वसीम खान ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पूर्व सभासद अनिल बाबा की माता सोमवती देवी ने वार्ड नंबर 8 झाऊपुर से नामांकन पत्र दाखिल किया। तत्कालीन सभासद अरुण यादव की पत्नी सीता देवी ने वार्ड नंबर 12 राधा नगर से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इंजीनियर मसरूर अली ने वार्ड नंबर 10 अरबपुर से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। अलग-अलग प्रत्याशी नामांकन स्थल से 200 मीटर दूर अपने समर्थकों के साथ आए और इसके बाद सदर तहसील परिसर में एक प्रस्तावक के साथ अंदर गए और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। तहसील में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। ताकि किसी भी प्रत्याशी को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। कल (आज) डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती पर भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी। उधर नगर पालिका परिषद बिंदकी में सभासद पद पर आठ, खागा नगर पंचायत में सभासद पद पर एक, नगर पंचायत बहुआ में सभासद पद पर तीन कुल चैबीस नामांकन दाखिल हुए।