स्टालिन ने की 16 मछुआरों के रिहाई की मांग , मोदी से हस्तक्षेप का किया आग्रह

स्टालिन ने की 16 मछुआरों के रिहाई की मांग , मोदी से हस्तक्षेप का किया आग्रह

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने श्रीलंका की नौसेना द्वारा गिरफ्तार 16 मछुआरों और 102 मछली पकड़ने वाली नौकाओं की जल्द रिहाई के लिए आवश्यक कूटनीतिक कदम उठाने की मांग को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा।श्री स्टालिन ने अपने पत्र में कहा कि श्रीलंकाई नौसेना ने 12 मार्च को तमिलनाडु के 16 मछुआरों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनकी दो मशीनीकृत नौकाओं को अपने कब्जे में लिया है। एक माह के भीतर श्रीलंकाई नागरिकों/नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों पर हमले/गिरफ्तारी की यह तीसरी घटना है। ये मछुआरे अपना जीवनयापन करने के लिए पूर्ण रूप से मछली पकड़ने पर निर्भर हैं और इस प्रकार होने वाली लगातार घटनाओं से गरीब मछुआरों के मन में डर उत्पन्न होता है और उनकी आजीविका प्रभावित होती है।उन्होंने कहा , “ मैंने इस मुद्दे को केंद्रीय विदेश मंत्री के संज्ञान में भी दिया है जिन्होंने इसे श्रीलंकाई सरकार के समक्ष भी उठाया है लेकिन उसके बावजूद भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं। मैं आपके व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने की मांग करता हूं , जिससे हमारे मछुआरों के पारंपरिक मछली पकड़ने के अधिकारों की रक्षा स्थायी रूप की जा सके और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।” उन्होंने कहा कि अब तक श्रीलंका ने तमिलनाडु की मछली पकड़ने वाली 102 नौकाओं को अपने कब्जे में रखा हुआ है और श्रीलंका द्वारा रिहा की गई मछली पकड़ने की छह नौकाएं अभी तक भारत वापस नहीं लौटी हैं।