कोलकाता। भारतीय टीम सदस्य और ओलंपियन फुटबॉलर तुलसीदास बलराम का लंबी बीमारी के बाद यहां निधन हो गया है। बलराम 87 वर्ष के थे और उत्तरपारा में रहते थे। गत वर्ष 26 दिसंबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साल 1962 के एशियाड चैंपियन तुलसीदास संक्रमण और पेट संबंधित बीमारी के कारण भर्ती थे। परिवार के अनुसार उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उनका निधन हो गया। बलराम 1950 और 1960 के दशक में भारतीय फुटबॉल टीम में शामिल रहे थे। वह ज्यादातर ‘सेंटर फॉरवर्ड या ‘लेफ्ट विंगर के तौर पर खेलते थे। वह चुन्नी गोस्वामी और पीके बनर्जी जैसे दिग्गजों के साथ खेलते थे। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित बलराम ने 1960 रोम ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया था। हंगरी, फ्रांस और पेरू के साथ ‘ग्रुप ऑफ डेथ में शामिल भारत को पहले मैच में हंगरी से 1-2 से हार मिली थी लेकिन बलराम ने 79वें मिनट में गोल करके एक अहम उपलब्धि हासिल की थी। भारत इकसे बाद फ्रांस को हराकर उलटफेर करने के करीब पहुंच गया था जिसमें भी बलराम का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने 1963 में खेल से संन्यास ले लिया था।
Share on Facebook
Follow on Facebook
Add to Google+
Connect on Linked in
Subscribe by Email
Print This Post