ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हुए बुमराह

मुम्बई । भारतीय टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के सभी मैचों से बाहर हो गये हैं। इससे पहले बुमराह के अंतिम दो मैचों में खेलने की उम्मीद थी। चयनकर्ताओं ने शुरुआत में पहले दो टेस्ट से उन्हें बाहर रखा था और माना जा रहा था कि वह अंतिम दो टेस्ट में वापसी करेंगे। बुमराह को लेकर पहले कहा गया था कि वह चोट से उबर गये हैं और राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी में रिहैब और अभ्यास कर रहे हैं पर अब कहा गया है कि वह पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं। बुमराह पीठ की चोट के कारण ही करीब छह माह से टीम से बाहर है। इससे पहले उन्होंने अपना अंतिम मैच सितंबर महीने में खेला था। इस साल होने वाले एकदिवसीय विश्व कप में बुमराह भारत के लिए अहम गेंदबाज साबित हो सकते हैं, इसी के चलते प्रबंधन उनपर खास ध्यान दे रही है और उन्हें लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता है। टीम से लगातार बाहर रहने के कारण बुमराह के लिए वापसी भी आसान नहीं रहेगी क्योंकि पिछले कुछ समय में टीम में आये युवा गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही वापसी पर उनके लिए अपने लय बरकरार रखना भी आसान नहीं रहेगा।