आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध है सरकार-गुरु प्रसाद मौर्य विधायक

प्रयागराज।केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार प्रयागराज द्वारा संचालित तीन दिवसीय आजादी का अमृत महोत्सव और सुशासन दिवस प्रचार अभियान व चित्र प्रदर्शनी का आज समापन हो गया। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इण्टर कॉलेज, राजापुर परिसर में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी, संगोष्ठी और प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यक्रमों के समापन समारोह में विधायक गुरू प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण का सपना आजादी के संघर्षों के इतिहास से प्रेरणा लेकर ही पूरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम के उन नायकों के बारे में भी जन सामान्य को जानकारी दी जाने का प्रयास किया जा रहा है जिन्हें इतिहास के पन्नों में जगह नहीं मिली थी। श्री मौर्य ने इस अवसर पर छात्र-छात्रओं का आह्वान किया कि वे प्रदर्शनियों के माध्यम से दी जा रही जानकारियों को आत्मसात करें और आगे बढ़ने की प्रेरणा लें। इस अवसर पर विद्यालय प्रबन्ध समिति के सचिव और हंडिया पी.जी. कालेज के पूर्व प्राचार्य डॉ0 रधुराज प्रताप सिंह भी उपस्थित थे। समारोह के दौरान अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की जानकारी होनी चाहिए। इस अवसर पर ब्यूरो के उप निदेशक आरिफ हुसैन रिजवी ने श्री मौर्य और डॉ0 सिंह को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के विशिष्ट अतिथि सुनील कुमार शुक्ल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों और विद्यालय के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी से आमजन विशेषकर नई पीढ़ी को अपने स्वतंत्रता सेनानियों को जानने का मौका मिलता है। कालेज के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने इस तरह के ज्ञानवर्धक और सूचनापरक कार्यक्रम के आयोजन के लिए केन्द्रीय संचार ब्यूरो के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की और कहा कि प्रदर्शनियों के माध्यम से देश के इतिहास की जानकारी छात्र-छात्राओं को बेहतर तरीके से दी जा सकती है। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया। इस अभियान का शुभारम्भ पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर कल सुशासन दिवस के दिन सांसद श्रीमती केशरी देवी पटेल ने किया था। अपने सम्बोधन में पटेल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उनके भीतर इतिहास बोध जागृत करना आवश्यक है। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किये जा रहे राष्ट्रनिर्माण के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें एक शक्तिशाली राष्ट्र बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि जैसे क्षेत्रों में मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया।समारोह के विशिष्ट अतिथि सुनील कुमार शुक्ल ने कहा कि छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता संग्राम की समग्र जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाये रखने और मजबूत करने की प्रेरणा आज के युवाओं को स्वतंत्रता के इतिहास से मिलती है। उन्होंने राष्ट्रनायकों के बारे में जानकारी के लिए अमृत महोत्सव जैसी प्रदर्शनी की अवश्यकता पर बल दिया। उद्घाटन समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण को भी सुनवाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक और अभिभावक भी मौजूद थे। तीन दिवसीय प्रचार अभियान के जनजागरूकता के लिए चेतना रथ को सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया था।कार्यक्रम का संचालन करते हुए ब्यूरो के वरिष्ठ सहायक राम मूरत विश्वकर्मा द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता संचालित की गयी। प्रश्नोत्तरी सहित भाषण, निबन्ध, चित्रकला, नृत्य, गायन प्रतियोगिता के कुल 25 प्रतिभागियों को विभाग की ओर से अतिथियों द्वारा पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान त्रेतिमा कुमारी लोकगीत पार्टी व एमटी सम्राट मैजिक ग्रुप प्रयागराज के कलाकारों द्वारा मनोरंजन के साथ साथ संदेशमूलक व ज्ञानवर्धक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से नेहरू युवा केन्द्र प्रयागराज के निर्मलकांत पाण्डेय, विद्यालय की शिक्षिका रिचा गोस्वामी मनोज गुप्ता, दिनेश कुमार शुक्ल, पायल जायसवाल, रुचि चन्द्रा, रिमिशा यादव, अर्चना राय, ओम प्रकाश विश्वकर्मा आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को प्रचार साहित्य व न्यु इंडिया समाचार का वितरण किया गया।