साओ पाउलो। ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले ने नेमार को राष्ट्रीय टीम की ओर से सर्वाधिक गोल करने का रिकार्ड बनाने पर बधाई दी है। वहीं इससे पहले नेमार ने क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले में सबसे अधिक गोल करने के पेले के रिकार्ड की बराबरी कर ली है। पेले आजकल बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। इसके बाद भी ब्राजील के क्वार्टर फाइनल में क्रोएशिया के हाथों पेनल्टी शूटआउट में हारने के बाद पेले ने इंस्टाग्राम पर अपना संदेश पोस्ट कर टीम का हौंसला बढ़ाया। 82 वर्षीय पेले ने नेमार को भेजे अपनी संदेश में कहा‘‘मैंने आपको बड़े होते हुए देखा है और मैंने हर दिन आपके लिए जश्न मनाया है और अब मैं अंत में ब्राजील की तरफ से सर्वाधिक गोल करने के मेरे रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए आपको बधाई दे सकता हूं। हम दोनों जानते हैं कि इनका महत्व आंकड़ों से भी अधिक है। उन्होंने कहा‘‘ खिलाड़ी के रूप में हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य प्रेरित करना होता है। वर्तमान के हमारे साथियों भावी पीढ़ी और इन से भी बढ़कर इस खेल के चाहने वालों को प्रेरित करना है। दुर्भाग्य से आज हार के कारण हमारे लिए सबसे खुशी का दिन नहीं रहा। पेले ने कहा‘‘मैंने अपना रिकॉर्ड लगभग 50 साल पहले बनाया था और अब तक उसके करीब कोई नहीं पहुंचा था। अब आप यहां तक पहुंचे हो जिससे पता चलता है यह कितनी बड़ी उपलब्धि है। नेमार ने क्रोएशिया के खिलाफ गोल दागा जो उनका अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 77वां गोल था। इसी के साथ ही उन्होंने पेले के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। ब्राजील हालांकि इस मैच में पेनल्टी शूटआउट में क्रोएशिया से 4-2 से हार गया।