29 को आयोजित होगा मेगा कोविड प्रिकॉशन डोज अभियान

देवरिया।जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि भारत सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 15 जुलाई 2022 से 75 दिनों के लिए प्रदेश के समस्त सरकारी कोविड टीकाकरण केंद्र (सीवीसी) में 18 वर्ष से अधिक आयु के वयस्क नागरिकों को निःशुल्क प्रिकॉशन डोज से आच्छादित किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। उक्त अवधि 30 सितंबर को पूर्ण हो रही है। इसी क्रम में आगामी 29 सितंबर दिन गुरुवार को बृहद मेगा कोविड प्रिकॉशन डोज टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन जनपद में किया जाएगा।जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को प्रिकॉशन डोज से आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य इकाइयों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दे दिए गए हैं। कोविड टीकाकरण अभियान को पंचायत विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, ग्राम प्रधान, कोटेदार, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं निगरानी समितियों में समन्वय स्थापित कर सफल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रिकॉशन डोज टीकाकरण विशेष अभियान के लिए जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक, ट्विटर आदि के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा जिलाधिकारी ने बताया कि प्रिकॉशन डोज से लाभार्थियों को आच्छादित किए जाने के मामले में देवरिया प्रदेश में पहले स्थान पर चल रहा है। जनपद में 18,73,720 के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 20 सितंबर तक 8,45,866 लोगों को कोविड प्रिकॉशन डोज से आच्छादित किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 45.14 प्रतिशत है। डीएम ने प्रिकॉशन डोज लगवाने में आम जनमानस की जागरूकता के लिए जनपदवासियों को बधाई दी।साथ ही अभी भी प्रिकॉशन डोज लगवाने से वंचित रह गए लोगों से वैक्सीन की सुरक्षा कवच में खुद को सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के समस्त जनपदों में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी पात्र नागरिकों को निःशुल्क प्रिकॉशन डोज लगाया जा रहा है, जिससे कोविड-19 संक्रमण में प्रभावी रूप से नियंत्रण दर्ज किया जा रहा है।