विधायक शहर उत्तरी एवं जिलाधिकारी ने बघाड़ा, सलोरी सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का लिया जायजा

प्रयागराज।विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी एवं जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री शुक्रवार को बक्शी बांध पहुंचकर वहां से नाव के द्वारा बघाड़ा, सलोरी सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगो को बाढ़ राहत पैकेट, पीने के पानी, केला, बिस्किट भी वितरित किए। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए वहां रह रहे लोगो को बनाये गये बाढ़ राहत शिविरों में प्रवासित होने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ राहत केन्द्रों में बाढ़ पीड़ितों के लिए खाना, नाश्ता, पानी, प्रकाश, दवाएं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की गयी है। जिलाधिकारी ने कहा कि अभी और पानी बढ़ने की सम्भावना है, इसलिए जो लोग बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे है, वे सुरक्षित बाढ़ राहत केन्द्रों में चले जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि एनडीआरफ की टीम निरंतर बाढ़ क्षेत्रों का भ्रमण कर रही है तथा बाढ़ से प्रभावित लोगो को रेस्क्यू करके बाढ़ राहत केन्द्रों में पहुंचाने में मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि जल पुलिस तथा सामान्य पुलिस भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर निगरानी रख रही है। विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी ने भी बाढ़ प्रभावित लोगो तथा अन्य निचले इलाकों में रह रहे लोगों से जहां पर बाढ़ का पानी बढ़ने की सम्भावना है, से अपील करते हुए कहा कि बाढ़ का पानी आने से पूर्व ही बनाये गये बाढ़ राहत शिविरों में विस्थापित हो जाये, जिससे कि उनकों बाढ़ से किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर स्थिति का जायजा लेते रहने तथा बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के लोगो को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करने के निर्देश दिए है साथ ही साथ उन्होंने नाव, दवाईयां, राशन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थायें निरंतर सुनिश्चित बनाये रखने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व जगदम्बा सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी नानक सरन, एसडीएम सदर युवराज सिंह, एनडीआरएफ के अधिकारीगण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।