तिरंगा यात्रा निकाल कर आमजन से हर घर तिरंगा फहराने हेतु की गयी अपील

प्रयागराज। देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ का उत्सव आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। 75वें स्वतंत्रता दिवस को और अधिक यादगार बनाने के लिए केन्द्र सरकार ने देशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील की है। देश की आन-बान और शान है तिरंगा, हर भारतवासी की पहचान है तिरंगा। आइए 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर राष्ट्रीय तिरंगे को गौरवमयी ऊर्जा के साथ फहराएं। इसी उद्देश्य के साथ आज सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, नेहरू युवा केन्द्र व भारत स्काउट और गाइड प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में स्वयं सेवकों द्वारा मम्फोर्डगंज स्थित भारत स्काउट गाइड परिसर से एक तिरंगा यात्रा निकाली गयी। तिरंगा यात्रा को प्रो0 अशोक कुमार पाण्डेय ईसीसी, कमलेश द्विवेदी सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर, कुबेर सिंह सेंटर हेड तथा जागृति पाण्डेय जिला युवा अधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा में शामिल स्वयं सेवक “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा झण्डा ऊंचा रहे हमारा”, “हम सबने यह ठाना है, हर घर तिरंगा फहराना है” जैसे नारे लगाते हुए आमजन से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और अपने घर में तिरंगा लगाने की अपील की गयी।तिरंगा यात्रा में सैकड़ों स्वयं सेवकों के साथ प्रोफेसर अशोक कुमार पाण्डेय ई.सी.सी., केन्द्रीय संचार ब्यूरो के वरिष्ठ सहायक राम मूरत, जागृति पाण्डेय जिला युवा अधिकारी, कुबेर सिंह सेंटर प्रमुख डी.डी.यू.जी.के.वाई., कमलेश द्विवेदी सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर, राजेश कुमार प्रजापति एसओसी स्काउट गाइड, ऊषा कुशवाहा वार्डेन, ओम प्रकाश विश्वकर्मा समाजसेवी तथा एनवाईके के निर्मला पाण्डेय, बबिता, कमल, कोमल, नीलम, विपिन कुमार आदि प्रमुख लोग शामिल रहे।