जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मना अन्तर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मना अन्तर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस

सोनभद्र। आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत अमृत योग सप्ताह 14 जून से 20 जून) एवं अष्टम अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून,2022 के अवसर पर मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में अन्तर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस भव्य रूप से मनाया गया। लोगों ने काफी हर्षोल्लास के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम में सम्मिलित होकर योग किया। आज आजादी के अमृृत महोत्सव के अवसर पर योगाभ्यास का मुख्य कार्यक्रम जनपद के विशिष्ट स्टेडियम तियरा में किया गया। योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि के रूप में पधारे राज्यसभा सांसद रामसकल, अशोक कुमार यादव प्रथम, डाॅ0 हरिओम प्रमुख सचिव/नोडल अधिकारी योग, चन्द्र विजय सिंह जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर विशिष्ट स्टेडियम तियरा में हजारों की संख्या में उपस्थित होकर अधिकारियों, महिला, पुरूष, स्कूल के छात्र-छात्राएं ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया, योगाभ्यास के दौरान योग आसन, तड़ासन, कपालभाॅति, अनुलोम-विलोम आदि योगों का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रामसकल ने अपने सम्बोधन में कहा कि ‘‘जहां योग है, वहां निरोग है’’ स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, योगाभ्यास करना शरीर के स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभकारी होता है और इसके अभ्यास करने से शरीर की कई बीमारियों से बचा जा सकता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योगाभ्यास करना चाहिए। इस दौरान जिला जज अशोक कुमार प्रथम ने अपने सम्बोधन में कहा कि योग हमारी शरीर में नकारात्मकता और मानसिक रोगों को दूर करने में मदद करता है, यह तनाव के स्तर को कम करने और जागरूकता को बढ़ाने में भी मदद करता है, योग करके हम शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ्य रह सकते हैं और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा भी बनाना चाहिए। इस अवसर पर डाॅ0 हरिओम नोडल अधिकारी योग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय परम्परा में छिपे इस अदृश दर्शन को न केवल वैश्विक रूप से दिया अपितु जन-जन के जीवन के अभिन्न अंग के रूप में स्थापित करने में भी मदद की। इसी दिवस की महत्व व सार्थकता को सिद्ध करने के लिए पूरे विश्व में योग दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर डीएम चन्द्र विजय सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति एवं परम्परा की अमूल्य धरोहर, उन्होंने कहा कि लोगों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, योग करने से शरीर पूरी तरह से स्वस्थ्य रहता है और जीवन में तनाव काफी हद तक दूर होता है, इसलिए हमें योग को जीवन में अपनाना चाहिए तथा लोगों को भी योग करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग प्रशिक्षकों को राज्यसभा सांसद रामसकल द्वारा स्मृतिचिन्ह व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के पुलिस लाईन, नगर पालिका, तहसील, ब्लाक, ग्राम सभा सहित सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं एवं चिल्ड्रेन फिटनेस क्लब द्वारा राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन बच्चों एवं महिलाओं द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी सौरभ गंगवार, अपर जिलाधिकारी (रा0/रा0) सहदेव कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी नमांमि गंगे आशुतोष दूबे, जिला विकास अधिकारी रामबाबू त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 आर0एस0 ठाकुर, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहें।