
चित्रकूट। मऊ ब्लाक क्षेत्र के खंडेहा गांव की महिलाओं ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। डीएम को सौंपे पत्र में बताया कि उन्हें दो साल से चक्कर लगाने के बाद भी आज तक आवास व शौचालय नहीं मिले हैं। आरोप लगाया कि उनके पुरवा में कई अपात्रों को यह सरकारी सुविधा मिली है और पात्रों को चक्कर लगवाया जा रहा है।खंडेहा के अरखनपुरवा निवासी सावित्री, सरिता, ननकी, मैना देवी, सुनैना, रानू, काजल, शानू, मालती, पूजा, शीला, वंदना, रामादेवी, देवमती, गंगा, बुधई व कैरी देवी आदि सोमवार को जिला मुख्यालय के कलक्ट्रेट परिसर पहुंचीं।हिलाओं ने बताया कि कई बार संबधित विभाग के अधिकारी व कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं लेकिन आज तक उन्हें सरकारी योजना के अंतर्गत आवास व शौचालय नहीं मिला है। यह भी बताया कि पुरवा में विद्युत लाइन नहीं है जिससे कई घरों में अंधेरा रहता है। कुछ लोग अन्य पुरवा से लाइट के लिए तार लगाये हैं। जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में आरोप लगाया कि पात्रों के बजाए गांव पुरवा में अपात्रों को सरकारी सुविधा दी गई है। इसकी जांच कराई जा सकती है। महिलाओं ने आवास व शौचालय दिलाये जाने की मांग की है।